झारखंड/पाकुड़। पूर्व विधायक एवं संथाल परगना प्रभारी अकिल अख्तर के निर्देश पर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) की पाकुड़ जिला इकाई द्वारा गांधी चौक स्थित पार्टी कार्यालय में नवनियुक्त जिलाध्यक्ष मो. शमसाद आलम के सम्मान में स्वागत एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, समर्थक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह में एआईएमआईएम के प्रदेश महासचिव मो. नसीम अंसारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार करने, सदस्यता अभियान को गति देने तथा जनहित के मुद्दों को लेकर निरंतर संघर्ष करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नवनियुक्त जिलाध्यक्ष मो. शमसाद आलम का पुष्पमालाएं पहनाकर एवं अंगवस्त्र भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं का सम्मान बनाए रखना तथा जनता की सेवा करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि जिला के प्रत्येक प्रखंड, पंचायत एवं बूथ स्तर तक पार्टी को सशक्त बनाने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर पार्टी को और अधिक सशक्त बनाने तथा जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, पत्रकारों एवं उपस्थित कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर मिथलेश कुमार ठाकुर, रफीक अहमद, साइबर रहमान, नासिर हुसैन, याफोस अली, मो. महाफिजुर रहमान, अहमदुल्लाह, मुशर्रफ हुसैन, अनवर आलम, मकबूल शेख सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Author: ZahidMansori
Fight against corruption's








