झारखंड/साहिबगंज। संथाल परगना, दुमका के संयुक्त कृषि निदेशक सत्यप्रकाश एवं साहिबगंज के जिला कृषि पदाधिकारी प्रमोद एक्का ने संयुक्त रूप से बरहरवा स्थित मैसर्स भगत फर्टिलाइजर उर्वरक प्रतिष्ठान का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकान में उपलब्ध उर्वरकों के भंडार, स्टॉक तथा उपलब्धता का गहन निरीक्षण किया। इस अवसर पर उर्वरक विक्रेता को निर्देश दिया गया कि किसानों को सरकार द्वारा निर्धारित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) पर ही उर्वरकों की बिक्री सुनिश्चित की जाए। यदि निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री अथवा किसी प्रकार की अनियमितता की शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित उर्वरक विक्रेता के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि उर्वरकों की कालाबाजारी, जमाखोरी, डायवर्जन अथवा गैर-कृषि कार्यों के लिए बिक्री किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी। ऐसे मामलों के प्रकाश में आने पर संबंधित उर्वरक विक्रेताओं के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण दल में बरहरवा एवं पतना के प्रखंड कृषि पदाधिकारी सहित जिला कृषि विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी भी उपस्थित थे।
Author: ZahidMansori
Fight against corruption's








