पाकुड़ को मिला नया सिविल सर्जन, डॉ. प्रवीण कुमार संथालिया ने संभाला पदभार

झारखंड/पाकुड़: जिले के स्वास्थ्य प्रशासन को नया नेतृत्व मिल गया है। शनिवार को डॉ. प्रवीण कुमार संथालिया ने पाकुड़ के 29वें सिविल सर्जन के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। उन्होंने निवर्तमान सिविल सर्जन डॉ. सुरेंद्र कुमार मिश्रा से कार्यभार प्राप्त कर जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की जिम्मेदारी संभाली।

पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. प्रवीण कुमार संथालिया ने कहा कि जिले के प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की सभी योजनाओं एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने बताया कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, नियमित टीकाकरण, संचारी एवं गैर-संचारी रोगों की रोकथाम, संस्थागत प्रसव, पोषण, आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में विशेष रूप से कार्य किया जाएगा।

डॉ. संथालिया ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही, संवेदनशीलता और टीम भावना को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। सभी चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं विभागीय अधिकारियों के समन्वित प्रयास से जिलेवासियों को भरोसेमंद एवं प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग एवं सहयोगी संस्थाओं के सामूहिक प्रयास से पाकुड़ की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकेगा।
इस अवसर पर निवर्तमान सिविल सर्जन डॉ. सुरेंद्र कुमार मिश्रा ने डॉ. प्रवीण कुमार संथालिया को कार्यभार सौंपते हुए उनके सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी भी साझा की।

कार्यभार ग्रहण समारोह में जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. के.के. सिंह, जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. एस.के. झा, दंत चिकित्सक डॉ. आर.के. सिंह, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के प्रबंधक, सलाहकार एवं समन्वयक, स्थापना शाखा के प्रधान लिपिक सहित सिविल सर्जन कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने नवनियुक्त सिविल सर्जन का स्वागत करते हुए उनके नेतृत्व में जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के और अधिक सशक्त, प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनने की आशा व्यक्त की।

ZahidMansori
Author: ZahidMansori

Fight against corruption's

Leave a Comment