झारखंड/पाकुड़। झारखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के अंतर्गत 08 एवं 09 अगस्त, 2026 को पाकुड़ जिले के सभी मतदान केंद्रों पर प्रातः 10:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से इन शिविरों का लाभ उठाकर मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक कार्य समय पर पूर्ण करने की अपील की है।
उपायुक्त ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया केवल पात्र भारतीय नागरिकों के लिए है। किसी भी विदेशी नागरिक को इस प्रक्रिया में भाग नहीं लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए सभी नागरिकों का सहयोग आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि फॉर्म-6 उन पात्र भारतीय नागरिकों के लिए है, जिन्होंने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है अथवा 01 अक्टूबर, 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर लेंगे तथा जो झारखंड के किसी मतदान क्षेत्र के सामान्य निवासी हैं। ऐसे सभी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 एवं घोषणा-पत्र भर सकते हैं।
इसके अतिरिक्त फॉर्म-8 के माध्यम से ऐसे मतदाता, जिनका मतदान केंद्र उनके वर्तमान निवास से दूर है अथवा जिनके परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं, अपने पूरे परिवार का नाम एक ही निकटवर्ती मतदान केंद्र पर स्थानांतरित कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी मतदाताओं से विशेष शिविर में पहुंचकर अपने नाम, पता एवं अन्य विवरणों का सत्यापन करने तथा आवश्यकतानुसार फॉर्म-6 एवं फॉर्म-8 भरने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना तथा परिवार के सभी सदस्यों का एक ही मतदान केंद्र पर पंजीकरण लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाता है।
उन्होंने बताया कि इच्छुक नागरिक ECINET App डाउनलोड कर अथवा voters.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। साथ ही सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देश दिए गए हैं कि वे विशेष शिविर के दौरान आमजन को आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराएं।
जिला प्रशासन, पाकुड़ ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे 08 एवं 09 अगस्त को आयोजित विशेष शिविर में अनिवार्य रूप से पहुंचकर अपने मतदाता विवरण की जांच करें तथा आवश्यकता अनुसार फॉर्म-6 एवं फॉर्म-8 भरकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
Author: ZahidMansori
Fight against corruption's








