झारखंड/पाकुड़। पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक निसात आलम ने शुक्रवार को झारखंड सरकार के राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग के कैबिनेट मंत्री दीपक बिरुआ से भेंट कर साहिबगंज जिले के बरहरवा अंचल में अपील म्यूटेशन से जुड़ी तकनीकी समस्या की ओर उनका ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने बताया कि तकनीकी त्रुटि के कारण लगभग 200 अपील म्यूटेशन के मामले पिछले तीन माह से लंबित पड़े हैं, जिससे आम नागरिकों को भूमि संबंधी कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक ने बताया कि स्थानीय ग्रामीणों की शिकायत मिलने के बाद उन्होंने बरहरवा अंचलाधिकारी एवं संबंधित कर्मियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। जांच में सामने आया कि अंचलाधिकारी के ऑनलाइन लॉगिन पोर्टल में तकनीकी समस्या के कारण अपील म्यूटेशन के उपरांत जारी होने वाले शुद्धिपत्र में क्रेता एवं विक्रेता का विकल्प प्रदर्शित नहीं हो रहा है। इसके कारण भूमि क्रय-विक्रय से संबंधित अभिलेखों में संबंधित पक्षों का नाम स्पष्ट रूप से अंकित नहीं हो पा रहा है, जिससे अपील म्यूटेशन की प्रक्रिया बाधित हो गई है।
उन्होंने बताया कि सामान्य म्यूटेशन का कार्य नियमित रूप से संचालित हो रहा है, किंतु अपील म्यूटेशन से जुड़े मामलों में पोर्टल की तकनीकी त्रुटि के कारण आवेदनों का निष्पादन नहीं हो पा रहा है। इससे अनेक लोगों के आवश्यक प्रशासनिक एवं राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कैबिनेट मंत्री दीपक बिरुआ ने विभागीय सचिव को तत्काल तकनीकी समस्या का समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। विधायक निसात आलम ने कहा कि विभाग स्तर पर समस्या के निराकरण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है तथा शीघ्र ही पोर्टल की तकनीकी खामी दूर होने के बाद लंबित अपील म्यूटेशन मामलों का निस्तारण शुरू होने की उम्मीद है।
Author: ZahidMansori
Fight against corruption's








