झारखंड/साहिबगंज/बरहरवा। साहिबगंज जिले के गुमानी रेलवे स्टेशन पर मालदा–हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस के स्थायी ठहराव की मांग को लेकर एक बार फिर स्थानीय स्तर पर आवाज बुलंद होने लगी है। नवझारखंड जनएकता संगठन ने इस संबंध में हावड़ा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) को ज्ञापन सौंपते हुए जनहित में शीघ्र निर्णय लेने की मांग की है।
संगठन के अध्यक्ष फारोग अहसान द्वारा प्रेषित ज्ञापन में कहा गया है कि गुमानी एवं आसपास का क्षेत्र घनी आबादी वाला है, जहां के हजारों छात्र-छात्राएं, व्यापारी, किसान, मरीज तथा नौकरीपेशा लोग प्रतिदिन रेल सेवा पर निर्भर हैं। इसके बावजूद मालदा–हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस का गुमानी स्टेशन पर ठहराव नहीं होने से यात्रियों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि यह मांग लंबे समय से उठाई जा रही है। पूर्व में भी जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों तथा स्थानीय नागरिकों द्वारा रेलवे प्रशासन को कई बार ज्ञापन सौंपे गए हैं। वर्ष 2023–24 में भी इस मांग को लेकर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन एवं लोकतांत्रिक आंदोलन किए गए थे, किंतु अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
संगठन का कहना है कि गुमानी रेलवे स्टेशन साहिबगंज एवं पाकुड़ जिले के हजारों यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण स्टेशन है। शिक्षा, चिकित्सा, व्यवसाय एवं रोजगार के सिलसिले में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग मालदा और हावड़ा की यात्रा करते हैं। ऐसे में इंटरसिटी एक्सप्रेस का यहां ठहराव नहीं होना यात्रियों के लिए गंभीर असुविधा का कारण बन रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से रेलवे प्रशासन से मांग की गई है कि जनहित एवं यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मालदा–हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस का गुमानी रेलवे स्टेशन पर स्थायी ठहराव शीघ्र सुनिश्चित किया जाए।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि लंबे समय से लंबित इस मांग की पुनः अनदेखी की गई तो क्षेत्र की जनता के सहयोग से चरणबद्ध लोकतांत्रिक आंदोलन शुरू किया जाएगा। इसके अंतर्गत धरना-प्रदर्शन, रेल रोको तथा आवश्यकता पड़ने पर रेल चक्का जाम जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिसकी जिम्मेदारी रेलवे प्रशासन की होगी।
ज्ञापन की प्रतिलिपि महाप्रबंधक, पूर्व रेलवे (कोलकाता), वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (हावड़ा मंडल) तथा रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, नई दिल्ली को भी प्रेषित की गई है।
Author: ZahidMansori
Fight against corruption's








