झारखंड/पाकुड़। लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के झेनागड़िया गांव में महिला एवं उसकी पुत्री की नृशंस हत्या के मामले का पाकुड़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) ने मामले में संलिप्त मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त धारदार चाकू तथा घटना के समय पहने गए रक्तरंजित वस्त्र भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 5 और 6 अगस्त की मध्यरात्रि झेनागड़िया गांव में एक महिला एवं उसकी पुत्री की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर लिट्टीपाड़ा थाना में कांड संख्या 45/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के अंतर्गत अनुसंधान प्रारंभ किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए तथा दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण, मानवीय आसूचना तथा अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने झेनागड़िया निवासी अबरास अंसारी उर्फ अबरास मोमिन (28 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून लगा चाकू, रक्तरंजित टी-शर्ट तथा बरसाती बरामद कर विधिवत जब्त कर ली गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वर्ष 2020 में लिट्टीपाड़ा थाना में उसके विरुद्ध हत्या के प्रयास सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के प्रत्येक पहलू की गहन जांच जारी है ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों को सामने लाया जा सके।
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव, नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता, लिट्टीपाड़ा थाना प्रभारी विवेक कुमार, हिरणपुर थाना प्रभारी विनय कुमार, पुलिस पदाधिकारी अनिल कुमार पंडित, मोतीलाल मिश्रा, तकनीकी शाखा के सुकदेव साहा, मनोज कुमार मरांडी तथा लिट्टीपाड़ा थाना के सशस्त्र बल के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Author: ZahidMansori
Fight against corruption's








