श्राद्ध घाट तक पृथक मार्ग निर्माण की दिशा में बढ़ा कदम

झारखंड/पाकुड़। शहर स्थित शिव शीतला मंदिर परिसर में गुरुवार को श्राद्ध घाट एवं श्राद्ध स्थल तक पृथक पहुंच मार्ग (सड़क) के निर्माण को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंदिर समिति के पदाधिकारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने इस विषय पर विस्तार से विचार-विमर्श करते हुए इसे जनसुविधा एवं धार्मिक आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा बताया।

बैठक में पाकुड़ जिला कांग्रेस की जिला महासचिव मोनिता कुमारी, अखिल भारतीय वीरांगना सशक्तिकरण परिषद की अध्यक्ष रश्मि सिंह, उपाध्यक्ष लक्ष्मी देवी, ममता अग्रवाल तथा रीना देवी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। वहीं मंदिर समिति की ओर से अध्यक्ष संजय टेबरीवाल, सचिव अनिल गोयल तथा सदस्य प्रतीक ठाकुर, नंदलाल ओझा, अनंत अग्रवाल, अनिल झा, राजकुमार रजक एवं सानू झा ने अपने विचार रखे।

बैठक के दौरान उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से श्राद्ध घाट तक पृथक सड़क निर्माण की आवश्यकता पर बल दिया। उनका कहना था कि वर्तमान व्यवस्था में श्रद्धालुओं को श्राद्ध स्थल तक पहुंचने के लिए मंदिर परिसर से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे आवागमन में कठिनाई होती है। साथ ही धार्मिक दृष्टि से भी यह व्यवस्था उपयुक्त नहीं मानी जाती।

वक्ताओं ने कहा कि यदि श्राद्ध घाट तक अलग पहुंच मार्ग का निर्माण कराया जाता है तो श्रद्धालुओं को सीधे श्राद्ध स्थल तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी। इससे मंदिर परिसर की गरिमा एवं पवित्रता अक्षुण्ण रहेगी, साथ ही वर्षों से लंबित स्थानीय मांग भी पूरी हो सकेगी।

बैठक में इस जनहितकारी एवं धार्मिक महत्व की योजना को शीघ्र धरातल पर उतारने के लिए संबंधित विभागों एवं जनप्रतिनिधियों के समक्ष प्रस्ताव रखने तथा आवश्यक पहल करने पर सहमति बनी। उपस्थित सभी लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र की आवश्यकता एवं जनभावनाओं के अनुरूप एक सार्थक कदम बताया।

ZahidMansori
Author: ZahidMansori

Fight against corruption's

Leave a Comment