झारखण्ड/पाकुड़(पाकुड़िया) पाकुड़ जिले के पाकुड़िया प्रखंड अंतर्गत सिद्धू-कान्हू मोड़ पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने छात्रों पर पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने हेमंत सोरेन सरकार और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क पर चक्का जाम कर दिया। सड़क जाम होने से आवागमन बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
प्रदर्शनकारियों ने राज्य में छात्रों के साथ कथित अत्याचार, पुलिस की कार्रवाई तथा शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आक्रोश जताया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकार से छात्रों के हित में ठोस कदम उठाने की मांग की।
शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना
विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेत्री सरिता मुर्मू ने राज्य सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि झारखंड में शिक्षा व्यवस्था बदहाल हो चुकी है और युवाओं का भविष्य संकट में है। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार प्रतियोगी परीक्षाएं रद्द होने, आवेदन की तिथियां बढ़ाए जाने तथा भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर युवाओं में असंतोष बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि जब छात्र अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाते हैं, तो उन पर पुलिस की लाठियां बरसाई जाती हैं। गरीब, आदिवासी और मध्यमवर्गीय परिवारों के मेधावी छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। सरिता मुर्मू ने पूरे मामले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन और चक्का जाम कार्यक्रम में भाजपा के मंडल अध्यक्षों सहित कई वरिष्ठ नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने सरकार की छात्र-विरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और छात्रों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
कार्यक्रम में सरिता मुर्मू, संजीव भगत, अजय भंडारी, मोहन चौबे, वकील हेम्ब्रम, विजय भगत, जयदेव साहू, सुशांत यादव, अमित भगत, हृदयानंद भगत, नितेश कुमार, मुख्तार अंसारी, कैलाश यादव, कॉलेज यादव और उमेश भगत सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसके अलावा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने भी प्रदर्शन में भाग लेकर छात्रों के समर्थन में अपनी एकजुटता व्यक्त की।







