झारखण्ड/पाकुड़(पाकुड़िया):- झारखण्ड राज्य आजीविका कंप्यूटर ऑपरेटर संघ के आह्वान पर राज्यभर के डाटा एंट्री ऑपरेटरों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर काला बिल्ला लगाकर शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन किया।
संघ की प्रमुख मांग है कि झारखण्ड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस), पलाश एवं ग्रामीण विकास विभाग, झारखण्ड सरकार के अंतर्गत लंबे समय से कार्यरत डाटा एंट्री ऑपरेटरों को मानव संसाधन (एचआर) नियमावली में स्तर-7 में शामिल किया जाए। साथ ही, उनके पद एवं वेतनमान का उचित निर्धारण किया जाए।
संघ का कहना है कि डाटा एंट्री ऑपरेटर वर्षों से विभागीय कार्यों का पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन कर रहे हैं। इसके बावजूद उनकी सेवा शर्तों, पद एवं वेतनमान से संबंधित मांगों पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
संघ के अध्यक्ष कर्ण कुमार गुप्ता ने कहा कि काला बिल्ला लगाकर किया गया विरोध-प्रदर्शन सरकार एवं संबंधित विभाग का ध्यान अपनी जायज मांगों की ओर आकर्षित करने के लिए शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं की गई, तो संघ चरणबद्ध आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होगा।
संघ ने राज्य सरकार एवं संबंधित विभाग से डाटा एंट्री ऑपरेटरों की समस्याओं पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए उन्हें एचआर नियमावली में स्तर-7 में शामिल करने की मांग पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की है।








