झारखंड/पाकुड़। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के पूर्व विधायक सह संथाल परगना प्रभारी जनाब अकील अख्तर के निर्देशानुसार सोमवार को नरोत्तमपुर पंचायत के जोगीगोरिया गांव में कार्यकर्ता जनसंपर्क अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व पार्टी के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष रफीक अहमद ने किया।
जनसंपर्क अभियान के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं तथा आम जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने तथा आने वाले दिनों में जनसंपर्क अभियान को और व्यापक बनाने पर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम को रफीक अहमद, मो. महाफिजुर रहमान, अहमदुल्लाह एवं मौलवी प्रिंस ने संबोधित किया। वक्ताओं ने पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र की वर्तमान स्थिति तथा जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सड़क, पेयजल समेत कई मूलभूत समस्याओं का सामना कर रही है।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि पाकुड़ की जनता को लगातार शोषण और उपेक्षा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण सवाल आज भी अनसुलझे हैं। जनता अब अपने अधिकारों और क्षेत्र के विकास को लेकर जागरूक हो रही है तथा जनप्रतिनिधियों से जवाबदेही की मांग कर रही है।
AIMIM नेताओं ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनना और लोकतांत्रिक तरीके से उनकी आवाज को मजबूती से उठाना है। गांव-गांव जनसंपर्क अभियान के माध्यम से आम लोगों से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को उचित मंच तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि आने वाले दिनों में पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के अन्य गांवों में भी जनसंपर्क अभियान को तेज किया जाएगा। साथ ही संगठन को पंचायत एवं बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किया जाएगा।
मौके पर जिला कार्यालय सचिव मोसाराफ हुसैन, वरिष्ठ कार्यकर्ता सादेक अली, नईम अख्तर, इंतखाब आलम, फेकरुल शेख, मोतीउर शेख सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।








