तमिलनाडु/चेन्नई। तमिलनाडु की राजनीति में अभिनेता से नेता बने सी. जोसेफ विजय यानी थलपति विजय को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) की ओर से उन्हें भविष्य में देश के प्रधानमंत्री के रूप में देखने की बात कही जा रही है। पार्टी नेताओं के इस दावे पर कांग्रेस ने तंज कसा है।
कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने कहा कि देश का प्रधानमंत्री बनने के लिए किसी भी नेता या गठबंधन को लोकसभा में बहुमत का समर्थन हासिल होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल या गठबंधन के पास यदि 272 सांसदों का समर्थन है, तो उसके नेता के प्रधानमंत्री बनने का रास्ता साफ हो सकता है।
कार्ति चिदंबरम ने TVK के प्रधानमंत्री पद से जुड़े दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पार्टी अपने नेता को लेकर उम्मीदें, सपने और महत्वाकांक्षाएं रख सकती है। उन्होंने कहा कि TVK फिलहाल एक ऐसी राजनीतिक पार्टी है, जो एक बड़े फिल्म अभिनेता के इर्द-गिर्द केंद्रित है।
कांग्रेस नेता के इस बयान को TVK नेताओं की ओर से विजय को देश के अगले प्रधानमंत्री के रूप में पेश किए जाने के दावे की प्रतिक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है। विजय की सक्रिय राजनीति में एंट्री के बाद तमिलनाडु में आगामी राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं लगातार तेज हो रही हैं।








