मुंबई में फोटोग्राफी शिक्षक को मेयर का पति बताने वाला वीडियो वायरल, अज्ञात यूट्यूबर पर एफआईआर

महाराष्ट्र/मुंबई: मुंबई से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। मुंबई पुलिस ने एक अज्ञात यूट्यूबर के खिलाफ कथित तौर पर मानहानिकारक और फर्जी जानकारी प्रसारित करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। आरोप है कि यूट्यूब चैनल पर अपलोड किए गए एक वीडियो में भायखला निवासी 55 वर्षीय फोटोग्राफी शिक्षक को मुंबई की मेयर रितु तावड़े का पति बताया गया।

जानकारी के अनुसार, पूरा मामला उस समय सामने आया, जब 26 अगस्त को पीड़ित शिक्षक के एक पड़ोसी ने उन्हें व्हाट्सऐप के माध्यम से उक्त वीडियो का लिंक भेजा। वीडियो में शिक्षक के नाम, शैक्षणिक योग्यता, पेशे, धर्म, रुचियों और परिवार से संबंधित निजी जानकारियों का कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया था। इसके अलावा वीडियो में शिक्षक और मेयर रितु तावड़े की साथ वाली तस्वीरों को भी भ्रामक तरीके से प्रस्तुत किया गया था।
वीडियो देखने के बाद शिक्षक ने आपत्ति जताते हुए 27 अगस्त को कालाचौकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने ‘GK-Shorts-Videos’ नामक यूट्यूब चैनल के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, फिलहाल तकनीकी टीम की सहायता से चैनल संचालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए आईपी एड्रेस सहित अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पीड़ित शिक्षक ने पुलिस को वीडियो के स्क्रीनशॉट भी उपलब्ध कराए हैं।
पुलिस मामले से जुड़े सभी डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कथित रूप से भ्रामक वीडियो किस व्यक्ति ने तैयार कर यूट्यूब पर अपलोड किया था। मामले में आगे की कार्रवाई जांच पूरी होने के बाद की जाएगी।

ZahidMansori
Author: ZahidMansori

Fight against corruption's

Leave a Comment