धार्मिक स्थलों और प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की व्यापक तैनाती, असामाजिक तत्वों व सामाजिक माध्यमों पर रखी जा रही निगरानी
पाकुड़:- श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व-2026 को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पाकुड़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को व्यापक रूप से सुदृढ़ किया है। जिले के विभिन्न मंदिरों, संवेदनशील एवं धार्मिक स्थलों तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारियों एवं बलों की तैनाती की गई है।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, विभिन्न थाना क्षेत्रों में त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) को हेलमेट, लाठी, बॉडी प्रोटेक्टर और टीजीजी गन सहित आवश्यक सुरक्षा एवं दंगारोधी उपकरणों के साथ तैयार रखा गया है, ताकि किसी भी विषम परिस्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
जन्माष्टमी पर्व के दौरान असामाजिक तत्वों और सामाजिक माध्यमों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गठित क्यूआरटी के पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपने-अपने दल के साथ निरंतर सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है।
विज्ञप्ति के अनुसार, क्यूआरटी में प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी एवं बल प्रत्येक दो घंटे में अपने क्षेत्र की गतिविधियों की खैरियत रिपोर्ट और तस्वीरें निर्धारित समूह में साझा करेंगे। साथ ही, थाना एवं ओपी प्रभारी की अनुमति के बिना क्यूआरटी बलों की तैनाती में किसी प्रकार का परिवर्तन नहीं किया जाएगा।
सभी क्यूआरटी प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि वे संबंधित थाना एवं ओपी प्रभारी की अनुमति के बिना निर्धारित स्थान से नहीं हटेंगे। वहीं, विधि-व्यवस्था ड्यूटी में लगाए गए अन्य पुलिस बलों को भी मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है।
पाकुड़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के दौरान शांति, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस बल पूरी तरह सतर्क और तैयार है।








