विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान संदिग्ध प्रमाण-पत्रों की जांच,मतदाताओं से सावधानी बरतने की अपील।

झारखण्ड/साहिबगंज जिले के बरहरवा प्रखंड क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 का कार्य संचालित किया जा रहा है। इसके तहत दावा, आपत्ति एवं सुनवाई के लिए कई मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने हेतु नोटिस जारी किया गया है। संबंधित मामलों की सुनवाई प्रत्येक कार्य दिवस में प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय, बरहरवा तथा नगर पंचायत कार्यालय, बरहरवा में की जा रही है।
इसी क्रम में कुछ ऐसे मामले भी सामने आए हैं, जिनमें मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत जन्म प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र एवं निवास प्रमाण-पत्र संदिग्ध अथवा फर्जी प्रतीत हो रहे हैं। ऐसे दस्तावेजों की जांच संबंधित स्तर पर की जा रही है।
प्रशासन की ओर से सभी मतदाताओं से अपील की गई है कि वे किसी भी बिचौलिये, असामाजिक तत्व अथवा अनधिकृत व्यक्ति के संपर्क में आकर अनुचित माध्यम से कोई प्रमाण-पत्र प्राप्त न करें। जांच के दौरान प्रमाण-पत्र फर्जी या अनियमित पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जा सकती है। ऐसी स्थिति में संबंधित मतदाता को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी दस्तावेज से संबंधित सही एवं आधिकारिक जानकारी के लिए केवल प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय, बरहरवा अथवा नगर पंचायत कार्यालय, बरहरवा में संबंधित पदाधिकारी से संपर्क करें। मतदाताओं से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार के प्रलोभन या गलत माध्यम से बचें और केवल अधिकृत कार्यालयों से ही प्रमाण-पत्र एवं दस्तावेजों के संबंध में जानकारी प्राप्त करें।

BASIRUDDIN SEKH
Author: BASIRUDDIN SEKH

Leave a Comment