शिक्षक राष्ट्र के भविष्य के निर्माता : उपायुक्त मेघा भारद्वाज

झारखण्ड/पाकुड़:- भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं प्रख्यात शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर मनाए जाने वाले शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने जिले के सभी शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र के भविष्य के निर्माता होते हैं। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व, संस्कार, आत्मविश्वास तथा नैतिक मूल्यों के विकास में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। शिक्षक अपने ज्ञान, अनुभव एवं मार्गदर्शन के माध्यम से विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं।

उन्होंने जिले के सभी शिक्षकों से और अधिक समर्पण एवं निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे की प्रतिभा को पहचानकर उसे आगे बढ़ने के लिए उचित अवसर प्रदान करना आवश्यक है। शिक्षकों का समर्पण एवं मार्गदर्शन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण तथा उन्हें जिम्मेदार एवं सक्षम नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देता है।

उपायुक्त ने कहा कि बच्चों का उज्ज्वल भविष्य ही जिले एवं देश का उज्ज्वल भविष्य है। इसलिए सभी शिक्षक पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ बच्चों के शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करें।

इस अवसर पर उपायुक्त ने जिले के सभी शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके सुखद, स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की कामना की तथा शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

BASIRUDDIN SEKH
Author: BASIRUDDIN SEKH

Leave a Comment