पावर सेक्टर को प्रतिदिन 25 रैक कोयला भेजने की तैयारी, BCCL CMD ने KDSK का किया निरीक्षण।

झारखण्ड/धनबाद(कुसुंडा):-  देश के विद्युत संयंत्रों और ताप विद्युत केंद्रों की बढ़ती कोयला मांग को पूरा करने के लिए भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) ने कोयला प्रेषण बढ़ाने की तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में बीसीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) मनोज कुमार अग्रवाल ने मंगलवार को कुसुंडा क्षेत्र के कुसुंडा जिला सेक्शन-2 का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के क्रम में लगभग दोपहर 12:30 बजे सीएमडी कुसुंडा डिस्ट्रिक्ट सेक्शन कोलियरी (KDSK) पहुंचे। उन्होंने कुसुंडा क्षेत्र के महाप्रबंधक एनबी त्रिवेदी सहित अन्य अधिकारियों के साथ कोयला प्रेषण बढ़ाने को लेकर विस्तृत चर्चा की। सीएमडी ने कहा कि कंपनी का मुख्य लक्ष्य विद्युत क्षेत्र को प्रतिदिन 22 से 25 रैक विद्युत कोयले की आपूर्ति सुनिश्चित करना है।

मानसून से उत्पन्न समस्याओं को दूर करने पर जोर

सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने बताया कि बीएनआर साइडिंग और सिजुआ क्षेत्र का भी निरीक्षण किया गया है। मानसून और वर्षा के कारण उत्पन्न समस्याओं को धीरे-धीरे दूर किया जा रहा है। साइडिंग तथा केडीएसके की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि बीसीसीएल मुख्यालय से लेकर क्षेत्रीय स्तर तक लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि देश में विद्युत उत्पादन के लिए कोयले की कमी न हो।

प्रकाश व्यवस्था और परिवहन मार्ग में सुधार के निर्देश

निरीक्षण के दौरान सीएमडी ने केडीएसके साइडिंग की प्रकाश व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने विद्युत एवं यांत्रिक विभाग के अधिकारियों को प्रकाश व्यवस्था शीघ्र दुरुस्त करने का निर्देश दिया। वहीं, कोयला परिवहन मार्ग की स्थिति का निरीक्षण करने के बाद उसमें भी आवश्यक सुधार करने को कहा।

सीएमडी ने परिवहन प्रतिनिधियों से भी बातचीत की। निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई और लक्ष्य के अनुसार कोयला प्रेषण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण को लेकर अधिकारी-कर्मी रहे सतर्क

सीएमडी के निरीक्षण को लेकर केडीएसके साइडिंग में अधिकारी और कर्मचारी पूरी तरह सतर्क रहे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सीआईएसएफ के जवान भी तैनात किए गए थे। धनसार परियोजना पदाधिकारी वीके पांडेय, एनजीकेसी परियोजना पदाधिकारी दिलीप कुमार, प्रबंधक प्रमोद कुमार, साइडिंग प्रभारी राजीव रंजन और कोलियरी अभियंता रामदेव प्रसाद सहित अन्य अधिकारी साइडिंग की व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने में जुटे रहे।

इस दौरान कर्मी मो. सरफराज, ललित शर्मा, सुरेंद्र यादव, निरंजन चौहान और राजेश मुंडा सुरक्षा संबंधी जैकेट एवं हेलमेट पहनकर अपने कार्यों में लगे रहे।

निरीक्षण के दौरान बीसीसीएल मुख्यालय से जीके मेहता, रजनीकांत, निशांत कुमार वीरमानी, कुसुंडा के सहायक महाप्रबंधक काजल सरकार, परियोजना पदाधिकारी वीके पांडेय, दिलीप कुमार, अनिल कुमार सिंह, विद्युत एवं यांत्रिक विभाग के अजय कुमार सिंह, त्रिपुरारी कुमार, सिविल विभाग के राकेश कुमार एवं शुभम, एनजीकेसी प्रबंधक पीके सिंह, कोलियरी अभियंता रामदेव प्रसाद, सुरक्षा अधिकारी अभय कुमार, साइडिंग प्रभारी राजीव रंजन सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

BASIRUDDIN SEKH
Author: BASIRUDDIN SEKH

Leave a Comment