चुनौतियों से घबराएं नहीं, उनसे सीख लें : उपायुक्त आदित्य रंजन।

झारखण्ड/धनबाद(सिंदरी):- बी.आई.टी. सिंदरी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के प्रथम वर्ष के बी.टेक. विद्यार्थियों के लिए आयोजित प्रवेशोन्मुखी एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम के प्रथम सत्र में धनबाद के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने विद्यार्थियों को प्रशासनिक सेवाओं, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया।

उपायुक्त ने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए कहा कि जीवन में आने वाली चुनौतियों से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्पष्ट लक्ष्य, निरंतर अध्ययन, धैर्य, अनुशासन और दृढ़ संकल्प सफलता के प्रमुख आधार हैं। विद्यार्थियों को अपने ज्ञान, कौशल और व्यक्तित्व के निरंतर विकास के लिए प्रयासरत रहने की सलाह दी।

सिविल सेवा के क्षेत्र में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उपायुक्त ने कहा कि सफलता के लिए लक्ष्य निर्धारित करना और उसके अनुरूप नियमित एवं निरंतर अध्ययन करना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य बनाए रखने तथा सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित विद्यार्थियों को प्रशासनिक सेवाओं, नेतृत्व क्षमता, आध्यात्मिक दृष्टिकोण तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के विभिन्न आयामों से परिचित कराना था।

वहीं, दोपहर के सत्र में इस्कॉन की ओर से एच.जी. सुंदर गोविंद दास ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने जीवन में सकारात्मक सोच, आत्म-अनुशासन, आध्यात्मिक दृष्टिकोण तथा मानवीय मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षा और व्यक्तिगत विकास के साथ जीवन में संतुलन, सदाचार तथा सेवा-भाव को अपनाना भी आवश्यक है।

दोनों सत्रों के दौरान विद्यार्थियों ने वक्ताओं से संवाद किया तथा विभिन्न विषयों से संबंधित अपने प्रश्न रखे। वक्ताओं ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें उपयोगी जानकारी और मार्गदर्शन प्रदान किया।

कार्यक्रम में बी.आई.टी. सिंदरी के निदेशक प्रो. पंकज राय, इंडक्शन कार्यक्रम के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) आर.के. वर्मा, डॉ. राहुल कुमार, कार्यक्रम के संयोजक प्रो. संजय पाल, सिविल इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष प्रो. प्रफुल्ल शर्मा, प्रो. रघुनंदन कुमार, प्रो. विजय कुमार बेसरा, डॉ. सोमनाथ साहा, प्रो. जितेंद्र कुमार, डॉ. उस्निस बनर्जी, डॉ. प्रियंका कुमारी, डॉ. कोमल कुमारी, डॉ. शबनम स्वाती मिज, प्रो. प्रशांत रंजन मालवीय, डॉ. निरुपमा सहित अन्य शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

BASIRUDDIN SEKH
Author: BASIRUDDIN SEKH

Leave a Comment