झारखण्ड/राँची:- झारखण्ड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने केंद्र की भाजपा सरकार पर देश की जनता को आर्थिक संकट में धकेलने और सुनियोजित तरीके से उनके अधिकारों से वंचित करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने पेट्रोल-डीजल की कीमतों,बढ़ती महंगाई, गिरते रुपए और राशन कार्ड रद्दीकरण जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरते हुए कई तीखे सवाल दागे हैं।
पेट्रोल-डीजल: बाजार नहीं, चुनाव तय करते हैं दाम
विनोद कुमार पांडेय ने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी के हालिया बयान को वास्तविकता से परे और भ्रामक करार दिया। उन्होंने कहा कि देश में तेल की कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार के आधार पर नहीं, बल्कि भाजपा की “चुनावी तेल नीति” के आधार पर तय होती हैं।
• चुनावी लाभ-हानि: झामुमो नेता ने याद दिलाया कि 2022 में जब कच्चा तेल $115 प्रति बैरल था, तब पांच राज्यों के चुनावों के कारण 137 दिनों तक कीमतें स्थिर रहीं। लेकिन जब कीमतें $75-$80 तक गिरीं, तब जनता को वह राहत नहीं दी गई।
• रिकॉर्ड मुनाफा बनाम अंडर-रिकवरी: उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकारी तेल कंपनियों (IOC, BPCL, HPCL) ने वित्त वर्ष 2023-24 में ₹81,000 करोड़ का रिकॉर्ड मुनाफा कमाया, तो सरकार ‘अंडर-रिकवरी’ का बहाना बनाकर जनता को क्यों लूट रही है?
• टैक्स की वसूली: उन्होंने आरोप लगाया कि 2014 से अब तक केंद्र ने पेट्रोल-डीजल पर टैक्स के जरिए लगभग ₹38.89 लाख करोड़ वसूले हैं, जिसका सीधा बोझ आम आदमी की जेब पर पड़ा है।
कमजोर अर्थव्यवस्था और बढ़ती महंगाई
महासचिव ने देश की आर्थिक स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सोने की कीमतों में अत्यधिक वृद्धि इस बात का प्रमाण है कि जनता का अपनी करेंसी और अर्थव्यवस्था पर भरोसा घट रहा है।
“जब रुपया कमजोर होता है और अर्थव्यवस्था डगमगाती है, तभी लोग ‘सेफ एसेट’ के तौर पर सोने की ओर भागते हैं। पिछले 10 वर्षों में भाजपा की नीतियों ने आम जनता की बचत, रोजगार और क्रय शक्ति को पूरी तरह खत्म कर दिया है।”
गरीबों के राशन पर “साजिश” का आरोप
विनोद कुमार पांडेय ने राशन कार्ड रद्दीकरण के मुद्दे पर भाजपा को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि बिहार और पश्चिम बंगाल के बाद अब झारखंड में भी गरीबों, आदिवासियों और मूलवासियों को राशन की योजनाओं से वंचित करने की साजिश रची जा रही है।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा गरीबों के अधिकारों पर किसी भी तरह का हमला बर्दाश्त नहीं करेगा। राज्य के हर जरूरतमंद परिवार को सामाजिक सुरक्षा और सम्मानपूर्वक जीवन का अधिकार मिलना चाहिए।
झामुमो महासचिव ने कहा कि भाजपा सरकार जनता का ध्यान भटकाने के लिए भ्रम और भय की राजनीति कर रही है, लेकिन अब देश और झारखण्ड की जनता उनकी “लोक लुभावन” और “चुनावी” नीतियों की हकीकत समझ चुकी है।
संवादाता रांची








