शेरशाहबादी जाति प्रमाण पत्र विवाद:आंदोलन के 10वें दिन बरहरवा पहुँचा राजनीतिक समर्थन।

झारखण्ड/साहिबगंज:- शेरशाहबादी जाति प्रमाण पत्र को पुनः निर्गत करने की मांग को लेकर बरहरवा प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में जारी अनिश्चितकालीन महाधरना बुधवार को दसवें दिन भी पूरे जोश के साथ जारी रहा। जैसे-जैसे आंदोलन लंबा खिंच रहा है, इसे व्यापक जनसमर्थन और राजनीतिक दलों का साथ मिलना शुरू हो गया है। बुधवार को पाकुड़ के पूर्व विधायक सह एआईएमआईएम नेता अकिल अख्तर और भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की राष्ट्रीय मंत्री मिस्फिका हसन धरनास्थल पहुँचे और आंदोलनकारियों की मांगों को अपना पूर्ण समर्थन दिया।
प्रमुख नेताओं ने भरी हुंकार
धरनास्थल पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए नेताओं ने प्रशासन के ढुलमुल रवैये पर तीखा प्रहार किया:
पूर्व विधायक अकिल अख्तर: उन्होंने कहा कि शेरशाहबादी समुदाय के जाति प्रमाण पत्र का मुद्दा केवल एक दस्तावेज का नहीं, बल्कि हजारों युवाओं के भविष्य और पहचान का सवाल है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, “प्रशासन किसी गलतफहमी में न रहे। यदि मांगें पूरी नहीं हुईं, तो यह आंदोलन केवल बरहरवा तक सीमित नहीं रहेगा। उधवा,राजमहल, साहेबगंज और पाकुड़ के लोग भी सड़कों पर उतरेंगे और चक्का जाम किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो समाज की महिलाएं भी घरों से बाहर निकलकर संघर्ष का नेतृत्व करेंगी।”
भाजपा नेत्री मिस्फिका हसन: मिस्फिका हसन ने आंदोलन को जायज ठहराते हुए कहा कि किसी भी समुदाय को उसके संवैधानिक अधिकारों से वंचित रखना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रमाण पत्र न मिलने के कारण छात्र शिक्षा और रोजगार के अवसरों से चूक रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से अविलंब इस समस्या का समाधान निकालने की अपील की।
बढ़ता जा रहा है जन आक्रोश
आंदोलनकारियों का कहना है कि दस दिन बीत जाने के बाद भी प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है, जिससे समाज के बुजुर्गों, युवाओं और छात्रों में भारी नाराजगी है। सोसाइटी के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक जाति प्रमाण पत्र निर्गत करने का आधिकारिक आदेश जारी नहीं होता,तब तक धरना समाप्त नहीं होगा।
मौके पर उपस्थित गणमान्य
धरनास्थल पर मुख्य रूप से मुखिया मो. इश्तियाक, मो.अजमईल, तोफाइल शेख,मो.नवाज,महबूब आलम,सोलेमान शेख,वसीम अकरम,महमूद आलम,मो.मोसब्बर, सरफराज अहमद, जहीर शेख,और इम्तियाज आलम सहित सैकड़ों की संख्या में आंदोलनकारी उपस्थित थे।
संवादाता मुन्ना राजा

DCN News 24
Author: DCN News 24

Leave a Comment