नई दिल्ली/अहिल्यानगर। नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्रों और विपक्ष का विरोध लगातार जारी है। इसी बीच दिल्ली में 20 जुलाई को कॉकरोज जनता पार्टी (सीजेपी) के “संसद चलो” मार्च के दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज को लेकर वरिष्ठ समाजसेवी अन्ना हजारे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर चिंता व्यक्त की है।
अन्ना हजारे ने घोषणा की है कि छात्रों के आंदोलन के समर्थन और सरकार का ध्यान इस मुद्दे की ओर आकर्षित करने के उद्देश्य से वे कल प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक महाराष्ट्र के अहिल्यानगर स्थित वाडिया पार्क के गांधी स्मारक परिसर में मौन आंदोलन करेंगे।
अन्ना हजारे ने कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में छात्रों की समस्याओं का समाधान बल प्रयोग से नहीं, बल्कि संवाद के माध्यम से किया जाना चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि वह छात्रों की बात गंभीरता से सुने और उनकी उचित मांगों पर सकारात्मक पहल करते हुए समाधान निकाले।
उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और युवाओं का विश्वास बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है। ऐसे मामलों में संवेदनशीलता और संवाद ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है।








