झारखण्ड/धनबाद(बाघमारा):- बीसीसीएल के ब्लॉक-दो क्षेत्र में कोयले के अवैध खनन एवं निकासी पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर शनिवार को सीआईएसएफ के डीआईजी राजेश मिश्रा ने क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ बीसीसीएल के महाप्रबंधक (सुरक्षा) मो. हफिजूल कुरैशी भी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने जमुनिया हाईवाल पैच सहित क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने संबंधित अधिकारियों से क्षेत्र में संचालित अवैध गतिविधियों तथा संवेदनशील स्थलों की विस्तृत जानकारी ली।
उन्होंने विशेष रूप से यह जानकारी जुटाई कि अवैध रूप से निकाले जाने वाले कोयले को किन मार्गों से क्षेत्र से बाहर ले जाया जाता है तथा कोयले की अवैध आवाजाही के लिए किन स्थानों का उपयोग किया जाता है।
डीआईजी राजेश मिश्रा ने सुरक्षा व्यवस्था में तैनात अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने तथा लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने त्वरित कार्रवाई दल (क्यूआरटी) की जिम्मेदारियों को स्पष्ट करते हुए आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त बल की तैनाती पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि अवैध खनन एवं कोयला निकासी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए बीसीसीएल और सीआईएसएफ के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। अवैध गतिविधियों की सूचना प्राप्त होते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र की वर्तमान सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अवैध कोयला खनन एवं निकासी पर अंकुश लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर चर्चा की।








