झारखंड/पाकुड़: जिले में अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मालपहाड़ी ओपी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में एक व्यक्ति के घर से भारी मात्रा में विदेशी शराब एवं बीयर बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह (भा.पु.से.) को सूचना मिली थी कि मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र के ग्राम पत्थरघट्टा (पहाड़ियाटोला) निवासी सुरेश पहाड़िया उर्फ बुधना पहाड़िया अपने घर से अवैध रूप से विदेशी शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने मंगलवार को आरोपी के घर पर छापेमारी की, जहां तलाशी के दौरान रॉयल स्टेग की 350 एमएल की 3 बोतल, 180 एमएल की 36 बोतल तथा किंगफिशर की 650 एमएल की 46 बोतल बीयर बरामद हुई। सभी शराब को विधिवत जब्त कर लिया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 33 वर्षीय सुरेश पहाड़िया उर्फ बुधना पहाड़िया, पिता स्वर्गीय नेपाल पुजहर, निवासी पत्थरघट्टा (पहाड़ियाटोला), थाना मालपहाड़ी ओपी, जिला पाकुड़ को गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में मालपहाड़ी ओपी थाना कांड संख्या 180/2026 के तहत उत्पाद अधिनियम की धारा 47(क) में मामला दर्ज किया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव, मालपहाड़ी ओपी प्रभारी राहुल गुप्ता सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Author: ZahidMansori
Fight against corruption's








