पाकुड़ में एसआईआर-2026 की समीक्षा बैठक: गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण पूरा, 98 प्रतिशत डिजिटाइजेशन संपन्न

झारखंड/पाकुड़: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय स्थित सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उपायुक्त ने बताया कि जिले में गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। वहीं, 27 जुलाई 2026 तक 98 प्रतिशत गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन भी पूर्ण हो चुका है। उन्होंने कहा कि शेष कार्य को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के लिए सभी संबंधित पदाधिकारी एवं बीएलओ सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।

उपायुक्त ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि यदि उनके संज्ञान में कोई पात्र मतदाता अब भी गणना प्रपत्र भरने अथवा उसके डिजिटाइजेशन से वंचित है, तो उसे तत्काल चिन्हित कर उसका प्रपत्र भरवाते हुए उसी दिन डिजिटाइजेशन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन एवं समावेशी बनाने में राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि एसआईआर प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद भी किसी पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम जोड़ने का अधिकार समाप्त नहीं होगा। भारत निर्वाचन आयोग के प्रावधानों के अनुसार पात्र नागरिक निर्धारित प्रक्रिया के तहत भविष्य में भी मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने अथवा अन्य दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे।

उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष एवं सहभागी बनाने में सहयोग करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) तथा विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

ZahidMansori
Author: ZahidMansori

Fight against corruption's

Leave a Comment