झारखंड/पाकुड़। प्रखंड एवं अंचल कार्यालय परिसर के बाहर स्थित डीजी (जनरेटर) रूम में शनिवार की शाम अचानक आग लग गई। आग लगते ही परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग तेजी से फैल रही थी, लेकिन फायर ब्रिगेड की तत्परता के कारण समय रहते स्थिति नियंत्रित कर ली गई। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। समय पर आग बुझा दिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।
सूत्रों के अनुसार, डीजी (जनरेटर) में पिछले करीब एक महीने से तकनीकी खराबी थी और उसमें बार-बार चिंगारी उठने की शिकायत मिल रही थी। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि इसी खराबी के कारण आग लगी।
घटना के बाद प्रशासन ने मामले की जानकारी लेते हुए आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं, स्थानीय लोगों ने जनरेटर की नियमित जांच एवं समय पर मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।








