डीएमएफटी की सड़क में बड़ा खेल? लाखों की योजना पर उठे गंभीर सवाल, सूचना पट से मिटाई गई अहम जानकारी

झारखंड/पाकुड़। हिरणपुर प्रखंड के बरमसिया गांव में डीएमएफटी (जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट) मद से स्वीकृत बरमसिया से कब्रिस्तान तक पीसीसी सड़क निर्माण योजना अब गंभीर सवालों के घेरे में है। लाखों रुपये की लागत से बनने वाली सड़क का निर्माण न केवल अधूरा छोड़ दिया गया, बल्कि योजना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को भी कथित रूप से सूचना पट से मिटा दिया गया, जिससे पूरे मामले में वित्तीय अनियमितता की आशंका गहरा गई है।

जानकारी के अनुसार, इस सड़क निर्माण योजना की स्वीकृत प्राक्कलित राशि ₹24,85,089 बताई जा रही है। आरोप है कि सूचना पट पर अंकित योजना की राशि, संवेदक का नाम, सड़क की स्वीकृत लंबाई एवं अन्य महत्वपूर्ण विवरणों को जानबूझकर मिटा दिया गया, ताकि योजना की वास्तविक स्थिति और खर्च की जानकारी आम लोगों से छिपी रहे।

सड़क का निर्माण स्वीकृत दूरी तक नहीं किया गया। बीच में ही कार्य रोक दिए जाने के कारण बरमसिया से कब्रिस्तान तक का संपर्क मार्ग आज भी अधूरा है। इससे अंतिम संस्कार सहित अन्य धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों के लिए आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की गई और तकनीकी नियमों का समुचित पालन नहीं हुआ। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह सरकारी विकास योजनाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है।
ग्रामीणों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों, संवेदक एवं संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि विकास के नाम पर सरकारी धन की बंदरबांट किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

ZahidMansori
Author: ZahidMansori

Fight against corruption's

Leave a Comment