पाकुड़ में डीएमएफटी योजना पर घोटाले की आशंका, अधूरी छोड़ दी गई पीसीसी सड़क

झारखंड/पाकुड़/हिरणपुर। हिरणपुर प्रखंड के बरमसिया गांव में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) मद से स्वीकृत मुख्य सड़क से कब्रिस्तान तक पीसीसी सड़क निर्माण कार्य को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में अनियमितता तथा योजना की जानकारी छिपाने का आरोप लगाया है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य निर्धारित स्थल तक पूरा नहीं किया गया और कब्रिस्तान तक पहुंचने से पहले ही निर्माण रोक दिया गया। इससे लोगों को अंतिम संस्कार सहित अन्य धार्मिक कार्यों के दौरान आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने इसे सार्वजनिक सुविधा की उपेक्षा बताते हुए चिंता व्यक्त की है।
आरोप है कि निर्माण स्थल पर लगाए गए सूचना पट से योजना से संबंधित महत्वपूर्ण विवरण, जैसे योजना की लागत, संवेदक का नाम, प्राक्कलित राशि तथा सड़क की स्वीकृत लंबाई को मिटा दिया गया है। ग्रामीणों का दावा है कि योजना की प्राक्कलित राशि ₹24,85,089 है, किंतु सूचना पट पर अंकित राशि का एक अंक मिटाकर वास्तविक लागत को छिपाने का प्रयास किया गया।

इसके अतिरिक्त ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी प्रश्न उठाए हैं। उनका आरोप है कि पीसीसी सड़क निर्माण में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया गया तथा स्वीकृत दूरी के अनुरूप कार्य पूरा किए बिना ही योजना को अधूरा छोड़ दिया गया। इससे सरकारी राशि के उपयोग और निर्माण कार्य की पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार इस योजना के संवेदक निर्मल कुमार साह हैं। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने, अधूरे निर्माण कार्य को पूर्ण कराने तथा यदि किसी प्रकार की वित्तीय अथवा तकनीकी अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों एवं संवेदक के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

ZahidMansori
Author: ZahidMansori

Fight against corruption's

Leave a Comment