पाकुड़ में ब्राउन शुगर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 30 पुड़िया समेत 30 ग्राम मादक पदार्थ बरामद; एक गिरफ्तार

झारखंड/पाकुड़। जिले के मुफसिल थाना क्षेत्र के मनिरामपुर गांव में अवैध रूप से ब्राउन शुगर एवं अन्य मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की सूचना पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के घर से ब्राउन शुगर, नकदी, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, नशा सेवन के उपकरण तथा पैकिंग सामग्री समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल (एसआईटी) का गठन किया गया। दंडाधिकारी की उपस्थिति में मनिरामपुर स्थित सत्तार शेख के घर पर छापेमारी की गई। इस दौरान कुछ लोग नशीले पदार्थ का सेवन करते मिले, जो पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए।
छापेमारी के दौरान सत्तार शेख, पिता स्व. शमशेर शेख, निवासी मनिरामपुर, थाना मुफसिल, जिला पाकुड़ को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उसके घर से 6 ग्राम ब्राउन शुगर (30 पुड़िया), 24 ग्राम गीला ब्राउन शुगर, 2,200 रुपये नकद, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, ब्राउन शुगर सेवन में प्रयुक्त उपकरण, छह बंडल प्लास्टिक पाउच, एक वीवो स्मार्टफोन तथा एक बंडल एल्युमिनियम फॉयल बरामद किया गया।
इस संबंध में मुफसिल थाना कांड संख्या 104/2026 दिनांक 1 अगस्त 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 तथा एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की धारा 21(ए) एवं 22(ए) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। वहीं, इस मामले में फरार दो अन्य आरोपियों बेलाल शेख एवं अब्दुल रऊफ, दोनों निवासी चांदपुर, थाना शमशेरगंज, जिला मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगाल) की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

ZahidMansori
Author: ZahidMansori

Fight against corruption's

Leave a Comment