लिट्टीपाड़ा में महिला की हत्या का 24 घंटे में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

कुल्हाड़ी से सिर और गर्दन पर वार कर की गई थी हत्या, निशानदेही पर खून लगी कुल्हाड़ी बरामद

झारखंड/पाकुड़। लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के शामपुर गांव में महिला की कुल्हाड़ी से प्रहार कर हत्या किए जाने के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर उद्भेदन कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून लगी कुल्हाड़ी भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई 2026 को लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के शामपुर गांव में एक महिला की सिर एवं गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार कर हत्या किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। मामले में लिट्टीपाड़ा थाना कांड संख्या 43/26, दिनांक 28 जुलाई 2026, के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई।

घटना की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए पाकुड़ के पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह (भापुसे) ने मामले के शीघ्र उद्भेदन के लिए पाकुड़ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया।
गठित एसआईटी ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज 24 घंटे के अंदर आरोपी हथीया हेम्ब्रम (55 वर्ष), पिता स्वर्गीय जेटा हेम्ब्रम, निवासी शामपुर, थाना लिट्टीपाड़ा, जिला पाकुड़ को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून लगी कुल्हाड़ी बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

ZahidMansori
Author: ZahidMansori

Fight against corruption's

Leave a Comment