झारखंड/पाकुड़: राज्य में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने और प्रशिक्षित एवं जिम्मेदार चालकों के विकास के उद्देश्य से मंगलवार को झारखंड मंत्रालय (प्रोजेक्ट भवन), रांची में परिवहन विभाग एवं टाटा मोटर्स लिमिटेड के बीच इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड रिसर्च (आईडीटीआर), जमशेदपुर की स्थापना के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। कार्यक्रम में सभी जिलों के उपायुक्त एवं जिला परिवहन पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
समाहरणालय, पाकुड़ से आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मेघा भारद्वाज, जिला परिवहन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी, मोटरयान निरीक्षक अमित कुमार, जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक रितेश कुमार सिंह सहित हाल ही में फाइनल ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने वाले 10 लाभुक शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में अधिक से अधिक लोगों के वैध ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति व्यापक जन-जागरूकता फैलाने पर बल दिया।
इसी क्रम में जिला परिवहन कार्यालय, पाकुड़ द्वारा 1 जुलाई से 21 जुलाई 2026 तक जिले के सभी प्रखंडों एवं अंचलों में विशेष ड्राइविंग लाइसेंस शिविर आयोजित किए गए। अभियान के दौरान 963 लर्निंग लाइसेंस जारी किए गए, जिनमें 76 प्रतिशत पुरुष और 24 प्रतिशत महिला आवेदक शामिल रहे। सभी पात्र आवेदकों को निर्धारित समय सीमा में लर्निंग लाइसेंस उपलब्ध कराया गया।
इसके अलावा जुलाई 2026 के दौरान जिले में 183 फाइनल ड्राइविंग लाइसेंस तथा 23 हेवी मोटर वाहन (एचएमवी) ड्राइविंग लाइसेंस जारी किए गए।
वर्चुअल कार्यक्रम के उपरांत उपायुक्त मेघा भारद्वाज एवं जिला परिवहन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी ने 10 लाभुकों को फाइनल ड्राइविंग लाइसेंस प्रदान किए। इस अवसर पर लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, वैध ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील की गई। जिला प्रशासन ने बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन का संचालन नहीं करने का भी आग्रह किया।
Author: ZahidMansori
Fight against corruption's








