झारखंड/पाकुड़। झालसा, रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), पाकुड़ के तत्वावधान में सोमवार को पाकुड़ प्रखंड परिसर स्थित माय भारत युवा केंद्र में युवा विधिक सहायता माह के तहत विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पाकुड़ दिवाकर पांडेय के निर्देश तथा डालसा सचिव रूपा बंदना किरो के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ डालसा की पैरा लीगल वॉलंटियर कमला राय गांगुली, एएमपी के जिला प्रभारी डॉ. अजीजुर रहमान, माय भारत युवा केंद्र के सहायक मो. नूर आलम, एंडेवर एकेडमी युवा क्लब की सचिव जयश्री सिंह तथा इंडियन नेशनल एसोसिएशन के अध्यक्ष जेड.एच. विश्वास ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
मौके पर पैरा लीगल वॉलंटियर कमला राय गांगुली ने कहा कि युवा विधिक सहायता माह का उद्देश्य युवा पीढ़ी को कानून के प्रति जागरूक करना, कानून के साथ संघर्ष की स्थिति में फंसे किशोरों के अधिकारों की रक्षा करना तथा युवाओं को कानूनी रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने युवाओं को कानून से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर युवाओं को निःशुल्क कानूनी सहायता सरल प्रक्रिया के माध्यम से समय पर उपलब्ध कराना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।
इंडियन नेशनल एसोसिएशन के अध्यक्ष जेड.एच. विश्वास ने कहा कि शिक्षित और जागरूक युवा ही समाज एवं देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने खेल, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं रोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों में युवाओं की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
एएमपी के जिला प्रभारी डॉ. अजीजुर रहमान ने युवाओं को नशे से दूर रहने तथा शिक्षा के महत्व को समझने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए अपने मौलिक अधिकारों एवं हक के प्रति जागरूक रहना आवश्यक है। जागरूक और जिम्मेदार युवा ही विकसित समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ सरकारी योजनाओं एवं समाज की मुख्यधारा से जोड़ना भी है।
माय भारत युवा केंद्र के सहायक मो. नूर आलम, एंडेवर एकेडमी के अध्यक्ष प्रिंस प्रकाश एवं जयश्री सिंह ने युवाओं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहने तथा शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया। उन्होंने युवाओं से अपने अधिकारों और कर्तव्यों को समझते हुए समाज के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता फजर शेख, एंडेवर एकेडमी युवा क्लब के उदय कुमार, पैरा लीगल वॉलंटियर नीरज कुमार राउत सहित ग्रामीण क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।








