किशोरी शक्ति सम्मेलन में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं नेतृत्व क्षमता पर दिया गया बल

झारखंड/पाकुड़/पाकुड़िया। प्रखंड के खजूरडंगाल विद्यालय मैदान में शनिवार को लोक कल्याण सेवा केंद्र के तत्वावधान में किशोरी शक्ति सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ किशोरियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

सम्मेलन में खजूरडंगाल एवं बसेतकुंडी पंचायत के सभी 17 गांवों से बड़ी संख्या में किशोर एवं किशोरियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरियों में आत्मविश्वास का विकास, नेतृत्व क्षमता को सशक्त बनाना, आपसी सहयोग की भावना को बढ़ावा देना तथा शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था।

कार्यक्रम के दौरान मटका फोड़, गुब्बारा फोड़, स्लो साइकिल रेस एवं बिस्कुट प्रतियोगिता जैसी मनोरंजक और प्रेरणादायक गतिविधियों का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने इन प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। खेल-गतिविधियों के माध्यम से बाल विवाह, बाल श्रम, शिक्षा का अधिकार, लैंगिक समानता तथा सुरक्षित भविष्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।

वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे सशक्त आधारशिला है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन एवं समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर खजूरडंगाल ग्राम प्रधान विकास सोरेन की उपस्थिति में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में लोक कल्याण सेवा केंद्र की ओर से सुनीता, ओलेंडो, आशीष, अनवर, प्रियंका एवं सोहेल की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही। सम्मेलन ने किशोर एवं किशोरियों में जागरूकता, आत्मविश्वास और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।

ZahidMansori
Author: ZahidMansori

Fight against corruption's

Leave a Comment