झारखंड/पाकुड़। जिले के हिरणपुर प्रखंड अंतर्गत घाघरजानी पंचायत के घाघरजानी गांव में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के दौरान एक आंगनबाड़ी सेविका की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सेविका की पहचान ललिता मुर्मू के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही आंगनबाड़ी पर्यवेक्षिका टुसू दीदी एवं निर्मला दीदी ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तत्काल हिरणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार शुरू किया गया। चिकित्सकीय सलाह के अनुसार उन्हें सलाइन चढ़ाई गई और आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।
कई घंटे तक चिकित्सकीय निगरानी में रखने के बाद उनकी शारीरिक स्थिति में सुधार देखा गया। चिकित्सा प्रभारी सुनील कुमार सिंह तथा डॉक्टर प्रेम मुर्मू ने बताया कि कमजोरी, मानसिक तनाव और चक्कर आने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ी थी।
चिकित्सकों के अनुसार वर्तमान में सेविका की स्थिति स्थिर है और वह खतरे से बाहर हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम उनकी निगरानी कर रही है तथा उम्मीद जताई गई है कि वह जल्द ही पूर्ण रूप से स्वस्थ हो जाएंगी।








