झारखंड/साहिबगंज। जिले की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ एवं विश्वसनीय बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसके तहत बरहड़वा प्रखंड में 220 केवी क्षमता के नए पावर ग्रिड के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर लगभग 85 से 90 करोड़ रुपये व्यय होने का अनुमान है। ग्रिड निर्माण के लिए करीब 20 एकड़ भूमि की आवश्यकता होगी।
जानकारी के अनुसार, हाल ही में विद्युत विभाग के अधिकारियों ने इस संबंध में उपायुक्त दीपक कुमार दूबे से मुलाकात कर परियोजना के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। उपायुक्त ने भूमि उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया है।
वर्तमान में साहिबगंज जिले में तीन 132 केवी विद्युत ग्रिड संचालित हैं, जिन्हें ललमटिया स्थित 220 केवी ग्रिड से विद्युत आपूर्ति प्राप्त होती है। प्रस्तावित बरहड़वा 220 केवी ग्रिड के निर्माण के बाद साहिबगंज, बरहेट, मंगलहाट तथा पाकुड़ के विद्युत ग्रिड सीधे इससे जुड़ जाएंगे। इससे विद्युत ट्रांसमिशन की दूरी कम होगी, लाइन लॉस में कमी आएगी तथा तकनीकी बाधाओं का प्रभावी समाधान संभव हो सकेगा।
इसके अतिरिक्त, भविष्य में इस ग्रिड को गोड्डा स्थित अदाणी पावर प्लांट से भी जोड़े जाने की योजना है। परियोजना के पूर्ण होने के बाद संताल परगना प्रमंडल में 220 केवी क्षमता का यह पांचवां पावर ग्रिड होगा, जिससे पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था अधिक सशक्त, स्थिर और प्रभावी बनेगी।
Author: ZahidMansori
Fight against corruption's








