बिहार/बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय जिले के बखरी प्रखंड के एक छोटे से गांव की रहने वाली मुस्कान कुमारी ने अपनी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में 80वीं रैंक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
मुस्कान कुमारी का चयन असिस्टेंट प्लानिंग ऑफिसर के पद के लिए हुआ है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी की तथा शानदार सफलता हासिल की।
मुस्कान की सफलता ग्रामीण क्षेत्रों के उन युवाओं, विशेषकर छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है, जो बड़े सपने देखते हैं और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहते हैं। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो किसी भी परिस्थिति में सफलता प्राप्त की जा सकती है।
मुस्कान कुमारी की इस सफलता पर उनके परिवार, शिक्षकों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। उनकी उपलब्धि ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती, बल्कि गांवों की बेटियां भी अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर नई ऊंचाइयों को छू सकती हैं।
Author: ZahidMansori
Fight against corruption's








