झारखंड/पाकुड़। मुफस्सिल थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ (ड्रग्स) के कारोबार के विरुद्ध पुलिस की लगातार कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप की स्थिति है। हाल के दिनों में पुलिस की सक्रियता के कारण अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में कार्रवाई का भय साफ देखा जा रहा है। वहीं, आम लोगों में पुलिस की पहल को लेकर विश्वास और संतोष का माहौल है।
मुफस्सिल थाना प्रभारी गौरव कुमार के नेतृत्व में पुलिस एक ओर जहां ड्रग्स कारोबारियों के खिलाफ लगातार छापेमारी कर रही है, वहीं दूसरी ओर समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से जागरूकता अभियान भी चला रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि थाना प्रभारी के नेतृत्व में अपराध नियंत्रण, त्वरित कार्रवाई और निष्पक्ष जांच से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है।
हाल के दिनों में पुलिस ने कई बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दिया है। 2 जुलाई 2026 को इशाकपुर गांव में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक व्यक्ति को ड्रग्स के कारोबार के आरोप में पकड़ा गया था। हालांकि, कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव कर आरोपी को छुड़ा लिया था। बाद में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इसके अलावा 9 जून 2026 को झिकरहटी पश्चिमी पंचायत के पुष्पानगर गांव स्थित एक चाय दुकान में छापेमारी कर भारी मात्रा में ब्राउन शुगर और गांजा बरामद किया गया था। इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया था। इससे पहले वर्ष 2025 में भी काकड़बोना गांव से एक व्यक्ति को ब्राउन शुगर और नकदी के साथ गिरफ्तार किया गया था।
थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि केवल कानूनी कार्रवाई से नशे की समस्या का समाधान संभव नहीं है। इसके लिए समाज की भागीदारी भी आवश्यक है। इसी उद्देश्य से हरिरंज गांव में बुद्धिजीवियों, युवाओं और ग्रामीणों के साथ बैठक कर लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। नशा विरोधी एक समिति भी बनाई गई है, जो पहले लोगों को समझाने का प्रयास करेगी और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस को सूचना देगी।
उन्होंने बताया कि विद्यालयों में भी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। हाल ही में केकेएम हाई स्कूल में एसडीपीओ के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों और ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणाम तथा इससे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
थाना प्रभारी ने ड्रग्स कारोबारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि वे तत्काल इस अवैध धंधे को छोड़ दें। यदि इसके बावजूद कोई मादक पदार्थों की तस्करी या बिक्री में संलिप्त पाया गया तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि समाज और युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने वाले तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
नोट: खबर में उपयोग फोटो AI द्वारा निर्मित है।
Author: ZahidMansori
Fight against corruption's








