विश्व आदिवासी दिवस से पूर्व वनाधिकार पट्टा वितरण की तैयारी तेज, 3 अगस्त तक प्रस्तावों के अनुमोदन के निर्देश

झारखंड/पाकुड़। समाहरणालय स्थित सभागार में जिला स्तरीय वनाधिकार समिति की बैठक उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में वनाधिकार अधिनियम के तहत पात्र लाभुकों को वनाधिकार पट्टा प्रदान किए जाने की प्रक्रिया की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आगामी विश्व आदिवासी दिवस (09 अगस्त) पर आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह की तैयारियों पर चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार 09 अगस्त को आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा पात्र लाभुकों के बीच वनाधिकार पट्टों का वितरण किया जाएगा। इसे ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों एवं समितियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि जिन वनाधिकार दावों का निस्तारण लंबित है, उनकी प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि ग्राम वनाधिकार समितियों से प्राप्त प्रस्तावों को नियमानुसार पारित कर शीघ्र अनुमंडल स्तरीय वनाधिकार समिति को भेजा जाए। अनुमंडल स्तर से स्वीकृत प्रस्तावों को समय पर जिला स्तरीय वनाधिकार समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाए, ताकि 03 अगस्त को आयोजित होने वाली जिला स्तरीय समिति की बैठक में उनका अनुमोदन किया जा सके।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रस्तावों की जांच पूरी पारदर्शिता तथा वनाधिकार अधिनियम के निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप की जाए, ताकि पात्र लाभुकों को समय पर वनाधिकार पट्टा उपलब्ध कराया जा सके। उपायुक्त ने कहा कि वनाधिकार अधिनियम का प्रभावी क्रियान्वयन आदिवासी एवं परंपरागत वनवासियों के अधिकारों की रक्षा तथा उनके सामाजिक-आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

बैठक के दौरान वनाधिकार पट्टा वितरण की तैयारियों, लंबित दावों के निष्पादन तथा विभिन्न स्तरों पर प्रस्तावों के समयबद्ध अनुमोदन की विस्तृत समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में परियोजना निदेशक, आईटीडीए अरुण कुमार एक्का, अंचलाधिकारी, हिरणपुर मनोज कुमार, वनाधिकार समिति के सदस्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

ZahidMansori
Author: ZahidMansori

Fight against corruption's

Leave a Comment