पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से किया आह्वान, SIR अभियान में शत-प्रतिशत मतदाताओं के प्रपत्र जमा कराने पर दिया जोर

झारखंड/पाकुड़। झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री आलमगीर आलम की उपस्थिति में रविवार को जिला कांग्रेस कार्यालय, पाकुड़ में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की प्रगति की समीक्षा को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारी, बूथ स्तरीय अभिकर्ता (BLA), पंचायत अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान लोकतंत्र को सुदृढ़ बनाने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए प्रत्येक पात्र मतदाता का गणना प्रपत्र (Enumeration Form) समय पर संबंधित बूथ स्तरीय अधिकारी (BLO) के पास जमा कराने में सहयोग करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि प्रपत्र जमा करने के लिए अब केवल दो-तीन दिन का समय शेष है। ऐसे में सभी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करें तथा यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रहे।
बैठक के दौरान पूर्व मंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों से आए कार्यकर्ताओं से अभियान की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। कार्यकर्ताओं ने बताया कि अधिकांश गणना प्रपत्र बीएलओ द्वारा अपलोड किए जा चुके हैं, जबकि कुछ प्रपत्रों का अपलोड होना अभी शेष है। इस पर आलमगीर आलम ने निर्देश दिया कि 27 एवं 28 जुलाई तक सभी लंबित प्रपत्रों को प्राथमिकता के आधार पर अपलोड कराया जाए, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूटने की संभावना समाप्त हो सके।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना लोकतंत्र की मजबूती के लिए अनिवार्य है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से पूर्ण निष्ठा, जिम्मेदारी और समर्पण के साथ अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने तथा प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अंत में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी लगन एवं समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

ZahidMansori
Author: ZahidMansori

Fight against corruption's

Leave a Comment