नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने महिला सुरक्षा, अधिकार संरक्षण और सामाजिक समावेश को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए दिल्ली महिला आयोग तथा दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग का पुनर्गठन किया है। सरकार ने लता गुप्ता को दिल्ली महिला आयोग का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है।
दिल्ली महिला आयोग में श्याम बाला, मालती वर्मा, लता सोढ़ी, सनरिका शर्मा झा तथा रेनू भल्ला को सदस्य नियुक्त किया गया है। लता गुप्ता पूर्व में पार्षद के रूप में भी जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी निभा चुकी हैं।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) दिल्ली ने सामाजिक माध्यम ‘एक्स’ पर जारी संदेश में कहा कि दिल्ली महिला आयोग महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, अधिकारों के संरक्षण और उनके सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सरकार का विश्वास है कि नई नियुक्तियों से आयोग के कार्यों में नई ऊर्जा और गति आएगी तथा महिलाओं को न्याय, संरक्षण और सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया अधिक प्रभावी एवं त्वरित होगी।
इसी क्रम में दिल्ली सरकार ने दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग का भी नया गठन किया है। निर्मल जैन को आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि कुलदीप सिंह और मोहम्मद हारून को सदस्य बनाया गया है।
सीएमओ ने अपने संदेश में कहा कि इन नियुक्तियों के माध्यम से दिल्ली सरकार ने समाज के सभी वर्गों के अधिकारों, सम्मान और कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। सरकार के अनुसार, यह कदम सामाजिक सद्भाव को सुदृढ़ करने तथा समावेशी विकास को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।








