झारखंड/पाकुड़। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार शुक्रवार को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, पाकुड़ में नए मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने एवं निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से विशेष मतदाता जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप निर्वाचन पदाधिकारी, पाकुड़ मो. मोजाहिद अंसारी ने की।
अभियान के दौरान 18 वर्ष अथवा उससे अधिक आयु के छात्र-छात्राओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों, मतदाता बनने की पात्रता तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान के महत्व की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
अपने संबोधन में उप निर्वाचन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती प्रत्येक पात्र नागरिक की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से 18 वर्ष की आयु पूर्ण होते ही मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने तथा अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक प्रयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने मतदान प्रक्रिया, मतदाता पंजीकरण एवं निर्वाचन से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा उन्हें निर्वाचन प्रणाली से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई। साथ ही लोकतंत्र को सुदृढ़ एवं सशक्त बनाने में युवाओं की भूमिका पर विशेष प्रकाश डाला गया।
जिला निर्वाचन कार्यालय के हेल्प डेस्क मैनेजर पीयूष खां ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) की जानकारी साझा करते हुए विद्यार्थियों को ECINet App के माध्यम से ऑनलाइन मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने सभी पात्र विद्यार्थियों से समय पर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की।
इस अवसर पर राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज की प्राचार्य डॉ. सुषमा यादव, जिला निर्वाचन कार्यालय के अमित सरकार, महाविद्यालय के शिक्षकगण, निर्वाचन कार्यालय के कर्मी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
Author: ZahidMansori
Fight against corruption's








