झारखंड/साहिबगंज/कोटालपोखर। कोटालपोखर डाकघर में जमा राशि का भुगतान नहीं होने का मामला सामने आया है। स्थानीय निवासी संतोष प्रमाणिक ने आरोप लगाया है कि डाकघर में जमा उनकी राशि करीब एक वर्ष से उन्हें प्राप्त नहीं हुई है। राशि के भुगतान के लिए वह लगातार डाकघर का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
संतोष प्रमाणिक के अनुसार, उन्होंने कोटालपोखर डाकघर में अपनी राशि जमा की थी। निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद जब उन्होंने जमा राशि प्राप्त करने के लिए डाकघर से संपर्क किया, तो उन्हें भुगतान नहीं किया गया। उनका दावा है कि पिछले करीब एक वर्ष से वह अपनी राशि प्राप्त करने के लिए प्रयासरत हैं, लेकिन अब तक उन्हें भुगतान नहीं मिला है।
राशि का भुगतान नहीं होने से संतोष प्रमाणिक परेशान हैं। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से मामले की जांच कराने और उनकी जमा राशि का जल्द से जल्द भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की है।
इधर, मामले को लेकर कोटालपोखर डाकघर प्रबंधन का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। प्रबंधन का पक्ष मिलने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।








