झारखण्ड/गिरिडीह:-झारखंड की राजनीति को रविवार तड़के उस समय गहरा आघात लगा, जब राज्य सरकार के मंत्री एवं गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन की खबर सामने आई। बताया जा रहा है कि बीती रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें गंभीर अवस्था में गिरिडीह स्थित मर्सी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुदिव्य कुमार सोनू को हृदयाघात (कार्डियक अरेस्ट) आया था। चिकित्सकों के अथक प्रयास के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। उनके निधन की खबर फैलते ही राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
सुदिव्य कुमार सोनू अपने शांत, सहज और मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते थे। सार्वजनिक जीवन में उनका व्यवहार अत्यंत संयमित और सरल रहा। वे आम लोगों से सहजता से मिलते थे तथा उनकी समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए प्रयासरत रहते थे।
उनके आकस्मिक निधन से झारखंड ने एक सक्रिय जनप्रतिनिधि और जनसरोकारों से जुड़े राजनेता को खो दिया है। उनके निधन की खबर से समर्थकों, कार्यकर्ताओं और आम लोगों में गहरा शोक व्याप्त है।








