शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व संपन्न कराने को लेकर पुलिस सतर्क, असामाजिक तत्वों को दी कड़ी कार्रवाई की चेतावनी।
झारखण्ड/साहिबगंज (कोटालपोखर):- दुर्गापूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में शनिवार को कोटालपोखर थाना प्रभारी पवन कुमार एवं बरहरवा इंस्पेक्टर संतोष कुमार राणा के नेतृत्व में पुलिस बल ने क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख मार्गों, संवेदनशील इलाकों तथा दुर्गापूजा मंडपों का भ्रमण किया। इस दौरान पुलिस ने फ्लैग मार्च निकालकर आम जनता को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल ने कोटालपोखर मुख्य बाजार, रहीम ताड़, गांधी मुहल्ला, गनी चौक, शांति चौक सहित दर्जनों मोहल्लों का भ्रमण किया। इसके साथ ही विभिन्न दुर्गापूजा मंडपों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा पूजा समितियों के सदस्यों से बातचीत कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों एवं आम लोगों से संवाद स्थापित करते हुए पर्व के दौरान आपसी भाईचारा, प्रेम और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
इस अवसर पर थाना प्रभारी पवन कुमार ने कहा कि दुर्गापूजा आस्था, श्रद्धा और अनुशासन का पर्व है। सभी नागरिकों को इसे आपसी प्रेम एवं सद्भाव के साथ मनाना चाहिए। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधियों से दूर रहने की अपील की।
उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को सचेत करते हुए कहा कि सामाजिक माध्यमों पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा तनाव उत्पन्न करने वाली सामग्री साझा न करें। क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्वों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दुर्गापूजा के दौरान विधि-व्यवस्था भंग करने, सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने अथवा शांति व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।
वहीं, पुलिस प्रशासन की सक्रियता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने संतोष व्यक्त किया तथा दुर्गापूजा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।







