झारखंड/पाकुड़। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) की ओर से पूर्व विधायक एवं संथाल परगना प्रभारी अकिल अख्तर के निर्देश पर पाकुड़ प्रखंड के हीरानंदपुर एवं नवादा पंचायत में SIR हेल्प डेस्क का संचालन लगातार किया जा रहा है। हेल्प डेस्क के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों के SIR प्रपत्र भरवाए जा रहे हैं तथा उन्हें आवश्यक दस्तावेजों और आवेदन प्रक्रिया से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।
हेल्प डेस्क पर मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं ने लाभुकों को आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देते हुए आवश्यक सहयोग प्रदान किया। साथ ही यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया कि जानकारी के अभाव में कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी प्रक्रिया से वंचित न रहे।
इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने हेल्प डेस्क के माध्यम से मिल रही सहायता की सराहना करते हुए इसे जनहित में उपयोगी पहल बताया।
पूर्व विधायक एवं संथाल परगना प्रभारी अकिल अख्तर ने कहा कि AIMIM केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर उनकी समस्याओं के समाधान में सहयोग करना भी पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पार्टी जनता के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा आगामी दिनों में जिले की अन्य पंचायतों में भी SIR हेल्प डेस्क के माध्यम से निःशुल्क सहायता अभियान जारी रखा जाएगा।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से सेवा, समर्पण और जनहित की भावना के साथ लोगों के बीच सक्रिय रहने तथा प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति को सरकारी प्रक्रियाओं में हरसंभव सहयोग प्रदान करने का आह्वान किया।








