अमेरिका/ईरान। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर गहरा गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमेरिकी सेना ने दक्षिणी ईरान स्थित कई सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं। इन हमलों में कई लोगों के घायल होने की सूचना है, हालांकि आधिकारिक रूप से हताहतों की संख्या की पुष्टि नहीं की गई है।
रिपोर्टों के अनुसार, हमलों के दौरान ईरान के केशम और खार्ग द्वीपों पर भी भीषण विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
घटनाक्रम के बाद ईरान ने अमेरिका पर समझौते के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। ईरान के विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि अमेरिका की कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं के विरुद्ध है और इससे क्षेत्रीय शांति एवं स्थिरता को गंभीर खतरा उत्पन्न हुआ है।
विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि ईरान अपनी संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता तथा राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए आवश्यक सभी कदम उठाने का अधिकार सुरक्षित रखता है। इस घटनाक्रम के बाद मध्य पूर्व में एक बार फिर तनाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।








