ट्रंप ने फिर होर्मुज जलडमरूमध्य को बताया अमेरिका का नया इलाका

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने रविवार को एक बार फिर होर्मुज जलडमरूमध्य का नक्शा अपने सोशल मीडिया मंच ‘ट्रुथ सोशल’ पर साझा करते हुए इसे अमेरिका का नया इलाका बताया। उन्होंने नक्शे में इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग को घेरे के माध्यम से चिह्नित किया है।

होर्मुज जलडमरूमध्य विश्व के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है। इसके माध्यम से बड़ी मात्रा में कच्चे तेल, प्राकृतिक गैस और अन्य आवश्यक वस्तुओं का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर परिवहन होता है। 28 फरवरी को युद्ध शुरू होने के बाद से ईरान ने इस जलडमरूमध्य को बंद कर रखा है।

ट्रंप इससे पहले 18 अगस्त को भी इसी तस्वीर को साझा कर चुके हैं। उन्होंने पहली बार 15 अगस्त को होर्मुज जलडमरूमध्य को अमेरिकी क्षेत्र का हिस्सा घोषित करने की बात कही थी। न्यूयॉर्क में एक रैली के दौरान ट्रंप ने कहा था कि ईरान को पराजित करने के बाद वह जल्द ही होर्मुज जलडमरूमध्य को अमेरिका का क्षेत्र घोषित करेंगे।

वहीं, ईरान लगातार इस जलडमरूमध्य पर अपना नियंत्रण होने का दावा कर रहा है। ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रमुख मोहसिन रेजाई ने शनिवार को सरकारी टेलीविजन पर कहा कि अमेरिकी दावों के बावजूद होर्मुज जलडमरूमध्य बंद है और अमेरिका के अपने व्यवहार में सुधार करने तक इसे नहीं खोला जाएगा।

रेजाई ने कहा कि अमेरिका को पहले अपनी जिम्मेदारियां पूरी करनी होंगी। उन्होंने अन्य देशों से अमेरिका द्वारा शुरू की गई आर्थिक लड़ाई में शामिल नहीं होने का आह्वान करते हुए चेतावनी दी कि ईरान के खिलाफ आर्थिक प्रतिबंध लगाने में शामिल होने वाले देशों को दुश्मन माना जाएगा।
होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ता यह विवाद वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है।

ZahidMansori
Author: ZahidMansori

Fight against corruption's

Leave a Comment