नई दिल्ली। भारत-चीन वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के निकट चीन की सैन्य गतिविधियों को लेकर नई सैटेलाइट तस्वीरों ने सुरक्षा विशेषज्ञों का ध्यान आकर्षित किया है। कमर्शियल सैटेलाइट से प्राप्त तस्वीरों के आधार पर दावा किया जा रहा है कि चीन ने भारतीय सीमा के समीप स्थित अपने दो प्रमुख फॉरवर्ड एयरबेस पर कुल 12 अत्याधुनिक J-20 स्टील्थ लड़ाकू विमान तैनात किए हैं।
बताया गया है कि शिनजियांग स्थित होतान एयरबेस पर 8 तथा तिब्बत के डामशुंग एयरबेस पर 4 J-20 विमान देखे गए हैं। इन दोनों एयरबेस की भारत-चीन सीमा से निकटता को देखते हुए इसे चीन की अब तक की सबसे बड़ी अग्रिम तैनातियों में से एक माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, होतान एयरबेस दौलत बेग ओल्डी से लगभग 245 किलोमीटर तथा लेह से करीब 389 किलोमीटर दूर स्थित है। वहीं, डामशुंग एयरबेस अरुणाचल प्रदेश के तवांग से लगभग 344 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में है। ये दोनों एयरबेस चीन की वायुसेना के पश्चिमी और पूर्वी सेक्टर के प्रमुख परिचालन केंद्र माने जाते हैं।








