झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन और एसआरएफटीआई के बीच एमओयू, युवाओं को मिलेगा विश्वस्तरीय फिल्म एवं मीडिया प्रशिक्षण

झारखंड/रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की गरिमामयी उपस्थिति में झारखंड मंत्रालय सभागार में झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (JFDCL) और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI), कोलकाता के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस पहल का उद्देश्य राज्य के युवाओं को फिल्म, मीडिया एवं डिजिटल कंटेंट निर्माण के क्षेत्र में विश्वस्तरीय तकनीकी प्रशिक्षण और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एमओयू झारखंड के प्रतिभाशाली कलाकारों, फिल्मकारों और रचनात्मक युवाओं के लिए नई संभावनाओं का द्वार खोलेगा। उन्होंने कहा कि झारखंड फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (JFTI) के माध्यम से राज्य के युवाओं को आधुनिक तकनीक, व्यावहारिक प्रशिक्षण और राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि संस्थान के प्रारंभिक चरण में अल्पकालीन पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे, जिनमें साउंड डिजाइनिंग, वीडियो एडिटिंग, एनिमेशन, स्क्रिप्ट एवं स्क्रीनप्ले लेखन, सिनेमैटोग्राफी, निर्देशन और फिल्म प्रोडक्शन जैसे विषयों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे युवाओं को पारंपरिक फिल्म उद्योग के साथ-साथ ओटीटी प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया कंटेंट निर्माण के क्षेत्र में भी रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड प्रतिभाओं से समृद्ध राज्य है। यहां अनेक कलाकारों में अपार क्षमता है, जिन्हें उचित प्रशिक्षण और मंच की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राज्य में फिल्म निर्माण की व्यापक संभावनाएं हैं और इस पहल से स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा। उन्होंने प्रसिद्ध सांस्कृतिक चिंतक डॉ. रामदयाल मुंडा की उक्ति “जे नाची से बाची” का उल्लेख करते हुए कहा कि झारखंड का प्रत्येक व्यक्ति किसी न किसी रूप में कला से जुड़ा हुआ है और सरकार ऐसी प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य युवाओं को नई तकनीक, आधुनिक संसाधनों और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण से जोड़कर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि झारखंड फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट राज्य के युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम के दौरान राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर तथा एसआरएफटीआई, कोलकाता के कुलपति समीरन दत्ता ने भी एमओयू के उद्देश्यों और इससे मिलने वाले लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने वाले झारखंड के फिल्मकारों एवं कलाकारों को सम्मानित भी किया।

सम्मानित होने वालों में तीन बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्राप्त बीजू टोप्पो, शॉर्ट फिल्म ‘आंगेन’ के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित रविराज मुर्मू, फिल्म ‘बिलोंगिंग टू अनटचेबल गॉड’ एवं ‘द टर्टल स्टोरी’ के लिए अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त अनुज कुमार, तथा कुड़ुख फिल्म ‘एडपा काना’ के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित निरंजन कुजूर शामिल रहे।
समारोह में राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के विशेष सचिव राजीव लोचन बक्शी, एसआरएफटीआई के कुलपति समीरन दत्ता, डीन सुकांते मजूमदार, विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, शिक्षाविद, फिल्म विशेषज्ञ, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।

ZahidMansori
Author: ZahidMansori

Fight against corruption's

Leave a Comment