मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की उपायुक्त ने की समीक्षा, 23 से 25 जुलाई तक चलेगा विशेष सत्यापन अभियान

झारखंड/पाकुड़। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

उपायुक्त ने मध्य विद्यालय नरोत्तमपुर स्थित मतदान केंद्र संख्या-214 एवं 215, मध्य विद्यालय वल्लभपुर स्थित मतदान केंद्र संख्या-434 एवं 435 तथा कीताझोर स्थित मतदान केंद्र संख्या-398, 399 एवं 400 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर आयोजित बीएलओ-बीएलए-2 बैठक एवं चुनाव पाठशाला में भाग लेकर बीएलओ, बीएलए-2, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद किया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मतदाता सूची को पूर्णतः त्रुटिरहित, अद्यतन एवं समावेशी बनाने के उद्देश्य से एएसडीडी सूची, लंबित प्रपत्रों तथा घर-घर सत्यापन कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा अपात्र प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाकर मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं विश्वसनीय बनाना है। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन पात्र मतदाताओं का नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल होने से छूट गया है, उनसे प्रपत्र भरवाकर शीघ्र जमा कराया जाए।

उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं का सत्यापन अब तक नहीं हो सका है अथवा जो बीएलओ एवं बीएलए-2 के स्तर पर भी चिन्हित नहीं हो पाए हैं, उनके लिए 23 जुलाई से 25 जुलाई तक विशेष घर-घर सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान ऐसे मतदाताओं का सत्यापन कर आवश्यक प्रपत्र प्राप्त किए जाएंगे।

उपायुक्त ने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए विशेष शिविरों का आयोजन कर छूटे हुए पात्र मतदाताओं के आवेदन प्राप्त किए जाएंगे और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बीएलओ एवं बीएलए-2 को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंचने तथा लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला है। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं गुणवत्ता के साथ पुनरीक्षण कार्य संपादित करना सभी संबंधित अधिकारियों, बीएलओ एवं बीएलए-2 की सामूहिक जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने अभियान की सफलता के लिए जनप्रतिनिधियों, बीएलए-2 एवं स्थानीय नागरिकों के सहयोग को भी महत्वपूर्ण बताया।

निरीक्षण के दौरान एईआरओ सह अंचलाधिकारी अरविन्द कुमार बेदिया, अतिरिक्त एईआरओ सह कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी, बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलओ, बीएलए-2, जनप्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

ZahidMansori
Author: ZahidMansori

Fight against corruption's

Leave a Comment