झारखंड/पाकुड़। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार झारखंड में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) को समाहरणालय में आयोजित एक समारोह में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
सम्मानित बीएलओ ने अपने-अपने मतदान केंद्रों पर एन्यूमरेशन फॉर्म के वितरण एवं डिजिटाइजेशन का कार्य निर्धारित समय-सीमा से पूर्व शत-प्रतिशत पूर्ण कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के सफल क्रियान्वयन में उल्लेखनीय योगदान दिया।
सम्मानित होने वाले बीएलओ में 05-पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-350 की जासमिनारा बीबी, बूथ संख्या-388 की नीलिमा सरकार, लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-83 की कल्पना कुमारी, तथा महेशपुर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-92 की शालू बेगम एवं बूथ संख्या-65 की रुमी मंडल शामिल हैं।
इस अवसर पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने सभी सम्मानित बीएलओ को बधाई देते हुए कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में समर्पण, समयबद्धता और उत्तरदायित्व लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के सफल संचालन में बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा निर्धारित समय-सीमा से पूर्व शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करना उनकी कार्यनिष्ठा, प्रतिबद्धता और दक्षता का परिचायक है।
उपायुक्त ने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित करने का उद्देश्य अन्य बीएलओ को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करना है, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित किया जा सके तथा मतदाता सूची को पूर्णतः त्रुटिरहित, अद्यतन और विश्वसनीय बनाया जा सके।
कार्यक्रम में उप निर्वाचन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी एवं एईआरओ सह अंचलाधिकारी, पाकुड़ अरविन्द कुमार बेदिया ने भी सम्मानित बीएलओ को शुभकामनाएं देते हुए निर्वाचन कार्यों में इसी प्रकार समर्पण और गुणवत्ता के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया।
समारोह में निर्वाचन शाखा के अधिकारी एवं कर्मी भी उपस्थित रहे।
Author: ZahidMansori
Fight against corruption's








